कटनी- आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 संचालित किया जा रहा है। 7 अगस्त से प्रारंभ हुए इस अभियान के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन में प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारी मैदानी भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद कर रहे हैं और शिविरों के माध्यम से समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई की जा रही है।
घुघरा में 9 अक्टूबर को शिविर
अभियान के तहत शुक्रवार, 9 अक्टूबर को बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र के घुघरा क्लस्टर की 11 ग्राम पंचायतों के लिए ग्राम पंचायत भवन घुघरा में शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें घुघरा, बड़ागांव, करहैयाकला, कैमोरी, खमरिया नंबर-1, खरखरिया नंबर-2, ढुढरी, रैपुरा, पिपरिया परोहा, बड़खेड़ा और घुड़हर ग्राम पंचायत के नागरिक अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
लंबित प्रकरणों के शत-प्रतिशत निराकरण पर जोर
कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के दौरान सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि अधिकतम प्रकरणों का समाधान शिविर से पूर्व ही कर लिया जाए, जबकि शेष मामलों का निराकरण शिविर स्थल पर प्राथमिकता से किया जाए।
जिन प्रकरणों का तत्काल निराकरण संभव नहीं होगा, उनमें समय-सीमा निर्धारित कर आवेदकों को इसकी जानकारी दी जाएगी। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने और अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।