मध्यप्रदेश

नेशनल हाईवे-44 पर भीषण सड़क हादसा, बाइक कचरा वाहन से टकराई, सड़क पर गिरे देवर-भाभी और दो मासूमों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने कुचला, चारों की मौके पर मौत

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में नेशनल हाईवे-44 पर गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। नूराबाद थाना क्षेत्र में जेके टायर फैक्ट्री के सामने बाइक सड़क किनारे खड़े कचरा वाहन से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सवार देवर-भाभी और दो मासूम बच्चे हाईवे की मुख्य लेन पर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने चारों को कुचल दिया। हादसे में सभी की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, हादसा शाम करीब 4:45 बजे हुआ। चारों लोग बाइक से मुरैना से ग्वालियर की ओर जा रहे थे। जेके टायर फैक्ट्री के सामने बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कचरा वाहन से जा भिड़ी। टक्कर के बाद चारों सड़क पर गिर पड़े और पीछे से आए भारी वाहन की चपेट में आ गए। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

मृतकों में देवर-भाभी और दो मासूम

हादसे में सूरज कुशवाह (18), नीरज कुशवाह (20), श्रीकांत कुशवाह (10) और राजकुमारी (8) की मौत हुई है। बताया गया कि सूरज अपनी भाभी नीरज और परिवार के दो बच्चों को लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

सीसीटीवी फुटेज से अज्ञात वाहन की तलाश

सूचना मिलते ही नूराबाद थाना प्रभारी सौरव पुरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी के अनुसार, हाईवे के टोल नाकों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

Related Articles

Back to top button