मध्यप्रदेश
नवरात्रि पर लाड़ली बहनों को सौगात, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव कल उमरिया के गुरुवाही से सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में ‘लाडली बहना योजना’ की 41वीं किस्त
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल/उमरिया- नवरात्रि के अवसर पर मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों को आर्थिक सहायता की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 अक्टूबर को उमरिया जिले के मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत गुरुवाही गांव में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में योजना की 41वीं किस्त जारी करेंगे। सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की करीब 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं के बैंक खातों में ₹1500-₹1500 की राशि अंतरित की जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री जिले में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।
1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में पहुंचेगी राशि
लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1500 की आर्थिक सहायता दी जा रही है। राशि सीधे आधार से जुड़े और डीबीटी सक्रिय बैंक खातों में भेजी जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार करना और परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।
जून 2023 में शुरू हुई थी योजना
जून 2023 में योजना की पहली किस्त जारी की गई थी। सितंबर 2026 तक पात्र महिलाओं को 40 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। अब 14 अक्टूबर को 41वीं किस्त जारी होने के साथ लाभार्थी महिलाओं के खातों में फिर ₹1500 की राशि पहुंचेगी।
144.15 करोड़ के 136 विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री गुरुवाही में कुल 14,415.93 लाख रुपये यानी लगभग 144.16 करोड़ रुपये की लागत के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इनमें 8,731.55 लाख रुपये के 68 कार्यों का लोकार्पण तथा 5,684.41 लाख रुपये के 68 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र: यहां 5,906.99 लाख रुपये के 18 कार्यों का लोकार्पण और 3,225.22 लाख रुपये के 46 कार्यों का भूमिपूजन प्रस्तावित है।
मानपुर विधानसभा क्षेत्र: यहां 2,824.56 लाख रुपये के 50 कार्यों का लोकार्पण और 2,459.16 लाख रुपये के 22 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा।
नवरात्रि के दौरान आयोजित इस सम्मेलन में महिला हितग्राहियों को आर्थिक सहायता के साथ उमरिया जिले को विकास कार्यों की सौगात भी मिलेगी।





