Blog

ट्रांसपोर्टर के अवैध वसूली के आरोप के बाद एसपी ने की बड़ी कार्रवाई, CSP से वापस लिया तीन थानों का प्रभार, ड्राइवर निलंबित, पूरे मामले की जांच एएसपी को सौंपी

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- मध्य प्रदेश की चर्चित पुलिस अधिकारी एवं कटनी की सीएसपी नेहा पच्चीसिया एक बार फिर सुर्खियों में हैं। एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी द्वारा उन पर कथित अवैध वसूली का आरोप लगाए जाने के बाद कटनी पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीएसपी के चालक को निलंबित कर दिया है। वहीं, सीएसपी नेहा पच्चीसिया से तीन थानों का कार्यभार भी वापस ले लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच एएसपी कमल मौर्य को सौंपी गई है।

जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्ट व्यवसायी महेंद्र कुमार जैन ने 22 जुलाई को कटनी पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वाहन चेकिंग के दौरान उनकी हाईवा गाड़ी को रोककर कथित तौर पर ₹30 हजार की मांग की गई।

शिकायतकर्ता के अनुसार, मौके पर ₹25 हजार नकद लिए गए, जबकि शेष ₹5 हजार अगले दिन चालक के माध्यम से मंगवाए गए। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। प्रशासनिक स्तर पर की गई कार्रवाई के तहत सीएसपी नेहा पच्चीसिया से तीन थानों का प्रभार वापस ले लिया गया है। वहीं, उनके चालक को निलंबित कर दिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच अब एएसपी कमल मौर्य करेंगे।

जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस विभाग की कार्रवाई के बाद यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button