स्वतंत्रता दिवस पर सीएम मोहन यादव के बड़े ऐलान: हर साल 10 हजार युवाओं को ग्लोबल स्किल पार्क प्रशिक्षण, धार में 21,500 करोड़ का पीएम मित्र पार्क, 85 हजार नियुक्तियां, हर साल 1 लाख रोजगार; 1 साल में 1 लाख ITI ट्रेनिंग, 6 माह में 1 हजार डॉक्टर
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए रोजगार, कौशल विकास, उद्योग और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े ऐलान किए। लाल परेड मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अब तक 85 हजार से अधिक युवाओं को शासकीय सेवाओं में नियुक्तियां दी हैं। आने वाले समय में हर साल एक लाख से अधिक युवाओं को सार्वजनिक क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

युवाओं के कौशल विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले एक वर्ष में एक लाख से अधिक युवाओं को आईटीआई में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा प्रतिवर्ष 10 हजार युवाओं को ग्लोबल स्किल पार्क में कौशल प्रशिक्षण मिलेगा। उद्योगों और प्रशिक्षित युवाओं के बीच बेहतर तालमेल के लिए प्रदेश में अलग प्लेसमेंट सेल बनाया जाएगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बड़ा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए पिछले तीन माह में एक हजार नए डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। अब अगले छह माह में एक हजार और डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर 2026 से मरीजों की जांच को पेपरलेस बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। मरीजों की जांच और उपचार संबंधी जानकारी डिजिटल रिकॉर्ड में उपलब्ध रहेगी और विशेषज्ञ डॉक्टरों की ऑनलाइन सलाह भी मिल सकेगी।
21,500 करोड़ का पीएम मित्र पार्क, हर जिले में एमएसएमई पार्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार का पीएम मित्र पार्क 21,500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के साथ प्रदेश में वस्त्र उद्योग की नई कहानी लिख रहा है। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक जिले में एक एमएसएमई पार्क स्थापित करना है। इसके साथ ही प्रदेश में 10 एमएसएमई क्लस्टर विकसित किए जाएंगे। भोपाल में इंजीनियरिंग सेक्टर के लिए 30 करोड़ रुपये की लागत से नया केंद्र स्थापित किया जा रहा है।

कृषि में रोजगार के नए अवसर
डॉ. यादव ने कहा कि रोजगार केवल उद्योगों और सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं है। कृषि और उद्यानिकी भी युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा माध्यम बन रही है। उन्होंने युवाओं से नई तकनीक के साथ संतरा, केला, अंगूर, सीताफल, सब्जी, मसाले, मखाना, ब्लूबेरी, स्ट्रॉबेरी और ड्रैगन फ्रूट सहित विभिन्न फसलों की खेती अपनाने का आह्वान किया।
शहीदों को नमन, 22 टुकड़ियों ने दी सलामी
लाल परेड मैदान में मुख्यमंत्री ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। समारोह में पुलिस बैंड सहित 22 टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने रानी दुर्गावती, रानी अवंती बाई, महाराजा छत्रसाल, टंट्या मामा भील और चंद्रशेखर आजाद सहित प्रदेश के वीर सपूतों को नमन किया। उन्होंने आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर शहीद हुए पुलिस और हॉक फोर्स के जवानों को भी श्रद्धांजलि दी।




