Blogमध्यप्रदेशराजनीति

कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के अपमान के विरोध में बीजेपी ने जबलपुर में निकाला कैंडल मार्च

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के कथित अपमान के विरोध में रविवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा जबलपुर में विरोध प्रदर्शन किया गया। मालवीय चौक से वंदे मातरम चौक तक कैंडल मार्च निकालकर प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रगीत के सम्मान और राष्ट्रीय भावनाओं के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया।

कैंडल मार्च के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक हाथों में मोमबत्तियां लेकर शामिल हुए और ‘वंदे मातरम’ तथा ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेताओं के कथित कृत्य की निंदा करते हुए कहा कि राष्ट्रगीत देश की अस्मिता, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय गौरव से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसके सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।

मालवीय चौक से प्रारंभ हुआ कैंडल मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वंदे मातरम चौक पहुंचा, जहां राष्ट्रगीत के सम्मान में श्रद्धा व्यक्त की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों और राष्ट्रगीत के प्रति प्रत्येक नागरिक को सम्मान की भावना रखनी चाहिए।

इस दौरान सांसद आशीष दुबे, विधायक आशोक रोहाणी, अभिलाष पांडे, जिला अध्यक्ष रतनेश सोनकर सहित कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस से कथित घटना को लेकर सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देने और राष्ट्रगीत के सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता स्पष्ट करने की मांग की।

Related Articles

Back to top button