Blogप्रशासनमध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री युवा इंटर्नशिप योजना के तहत सरकारी कामकाज सीखेंगे युवा, मिलेगा एक साल का व्यावहारिक अनुभव, 18 से 29 वर्ष के युवाओं को मौका, हर विकासखंड से 15 युवाओं का होगा चयन, एमपी सेवा पोर्टल से करना होगा आवेदन

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक कामकाज को करीब से समझने के इच्छुक युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री युवा इंटर्नशिप फॉर गुड गवर्नेस योजना के तहत जिले के प्रत्येक विकासखंड से 15-15 युवाओं का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को एक वर्ष तक विकासखंड स्तर पर काम सीखने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं और विकास गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।

इंटर्नशिप के दौरान युवाओं को सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास कार्यों की प्रक्रिया और प्रशासनिक कामकाज से संबंधित जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, तकनीकी दक्षता और जीवन कौशल विकसित करने पर भी जोर रहेगा। योजना का उद्देश्य युवाओं को शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली से जोड़कर उनके ज्ञान और व्यावहारिक क्षमता को बढ़ाना है।

18 से 29 वर्ष आयु सीमा

योजना के लिए आवेदक का मध्यप्रदेश का निवासी होना तथा उसकी आयु 18 से 29 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। संबंधित जिले के मान्यता प्राप्त संस्थान से सत्र 2022-23, 2023-24 या 2024-25 में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक अथवा स्नातकोत्तर उत्तीर्ण होना जरूरी है।

एमपी सेवा पोर्टल से होगा आवेदन

इच्छुक एवं पात्र युवा एमपी सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। योजना युवाओं को सरकारी तंत्र को नजदीक से समझने, विकास गतिविधियों में भागीदारी करने और प्रशासनिक कार्यों का वास्तविक अनुभव हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।

Related Articles

Back to top button