Blogमध्यप्रदेश
छतरपुर में शराब पीने के बाद दो की तबीयत बिगड़ी, एक सागर, दूसरा दमोह रेफर
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

बम्हौरी और बकस्वाहा शराब दुकानों से खरीदने का दावा, पुलिस जांच में जुटी, छतरपुर- बकस्वाहा क्षेत्र में शराब पीने के बाद दो लोगों की तबीयत बिगड़ने से मामला चर्चा में आ गया है। दोनों मरीजों ने शराब दुकानों से शराब खरीदने की बात कही है। एक मरीज को सागर में भर्ती कराया गया है, जबकि ग्राम कुई निवासी भरत यादव को प्राथमिक उपचार के बाद दमोह रेफर किया गया है। हालांकि, तबीयत बिगड़ने की वजह शराब ही है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
पहले मामले में बम्हौरी शराब दुकान का दावा
ग्राम बरा, तहसील बंडा निवासी व्यक्ति के अनुसार उसने बम्हौरी स्थित शराब दुकान से शराब खरीदी थी। शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने पर उसे सागर में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक उसने बम्हौरी से शराब लेने से पहले बंडा में भी शराब पी थी। ऐसे में वास्तविक कारण जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
भरत यादव को प्राथमिक उपचार के बाद दमोह भेजा
ग्राम कुई निवासी भरत यादव ने बताया कि उसने बकस्वाहा शराब दुकान से शराब खरीदी थी। तबीयत बिगड़ने पर उसे प्राथमिक उपचार दिया गया और एहतियातन दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया। बीएमओ डॉ. सत्यम आसाटी ने बताया कि मरीज के बताए लक्षणों के आधार पर उपचार के बाद रेफर किया गया है। शराब को तबीयत खराब होने का कारण मानने की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के संज्ञान में दोनों मामले
बकस्वाहा नगर निरीक्षक प्रशांत सेन ने बताया कि दोनों मामले पुलिस के संज्ञान में हैं और जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब की सूचना मिलने पर पुलिस कार्रवाई करती है।





