प्रशासनमध्यप्रदेशराजनीति

गांधी जयंती पर जिला अस्पताल कटनी में दिखा स्वच्छता का जनसंकल्प, सांसद वीडी शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों-अधिकारियों ने किया श्रमदान, स्वच्छता मित्रों का हुआ सम्मान

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिला चिकित्सालय कटनी में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त भारत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू उठाकर अस्पताल परिसर में श्रमदान किया और स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश दिया।

सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने स्वच्छता मित्रों का सम्मान किया तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों को स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त भारत की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत और जीवनशैली बनाया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, महापौर प्रीति संजीव सूरी, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, एसडीएम बहोरीबंद श्लोक वायकर, सीएमएचओ राज सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन यशवंत वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

 

झाड़ू उठाकर दिया सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश

जिला चिकित्सालय परिसर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सफाई कर नागरिकों को संदेश दिया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। श्रमदान के माध्यम से लोगों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की गई।

प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

कार्यक्रम में सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। नागरिकों से प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने, वैकल्पिक साधनों को अपनाने और कचरे का उचित निस्तारण करने का आह्वान किया गया।

स्वच्छता मित्रों का सम्मान

कार्यक्रम में स्वच्छता मित्रों को सम्मानित कर उनके योगदान को रेखांकित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता कर्मी शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके श्रम और योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया गया।

Related Articles

Back to top button