Blogमध्यप्रदेश

विजयराघवगढ़ बस हादसा: मालिक और चालक पर FIR, बस की फिटनेस व परमिट निलंबित, छात्रा की मौत और 33 यात्रियों के घायल होने के बाद परिवहन विभाग की कार्रवाई

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

चालक का लाइसेंस भी निलंबित, मृतका के परिजनों को ₹20 हजार की तत्काल सहायता

कटनी- विजयराघवगढ़-बंजारी के पास शनिवार को हुए बस हादसे में एक किशोरी की मौत और 33 यात्रियों के घायल होने के बाद प्रशासन एवं परिवहन विभाग ने कार्रवाई की है। परिवहन सचिव मनीष सिंह के निर्देश पर बस मालिक शेख यासीन और चालक सत्यम पांडेय के विरुद्ध विजयराघवगढ़ थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। दुर्घटनाग्रस्त बस की फिटनेस निरस्त करने के साथ उसका स्थायी अनुज्ञा पत्र (परमिट) और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया है।
हादसे के बाद परिवहन विभाग की कार्रवाई
कलेक्टर आशीष तिवारी ने बस मालिक और चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125(ए), 281 तथा मोटरयान अधिनियम, 1988 की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कराया है। परिवहन सचिव ने घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर और एआरटीओ को एफआईआर दर्ज कराने तथा वाहन के दस्तावेजों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

एआरटीओ संतोष पाल के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस क्रमांक एमपी-14-बीडी-0811 रजा बस सर्विस की है। बस की फिटनेस निरस्त कर दी गई है। वहीं, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रीवा द्वारा जारी बस का स्थायी परमिट तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। बस चालक का लाइसेंस भी निलंबित किया गया है।

 

कलेक्टर और एसपी अस्पताल पहुंचे

दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा विजयराघवगढ़ सिविल अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। कलेक्टर ने चिकित्सकों को सभी घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हादसे में जान गंवाने वाली किशोरी के परिजनों को जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से कलेक्टर ने 20 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से सहायता दिलाने के लिए तहसीलदार विजयराघवगढ़ द्वारा प्रकरण तैयार किया जा रहा है।

33 घायलों का उपचार, 12 गंभीर मरीज रेफर

हादसे में घायल 33 यात्रियों का विजयराघवगढ़ सिविल अस्पताल में उपचार शुरू किया गया था। इनमें से 12 गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। बीएमओ डॉ. विनोद कुमार के अनुसार, वर्तमान में विजयराघवगढ़ सिविल अस्पताल में आठ मरीजों का उपचार जारी है। शेष भर्ती मरीजों को उपचार और दवाएं देने के बाद छुट्टी दे दी गई है।

Related Articles

Back to top button