Blogमध्यप्रदेश

वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों पर PHQ की नजर, जिलों से मांगी गई अकाउंट की जानकारी

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

ग्वालियर में साइबर सेल और पुलिस ने शुरू की गोपनीय जांच, नियमों का उल्लंघन मिलने पर हो सकती है विभागीय कार्रवाई; जागरूकता से जुड़े उपयोगी वीडियो बनाने पर रोक नहीं

भोपाल- मध्य प्रदेश पुलिस की वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाकर लोकप्रियता हासिल करने वाले पुलिसकर्मियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के सभी जिलों से ऐसे पुलिसकर्मियों के सोशल मीडिया अकाउंट और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद ग्वालियर में साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की टीम ने संबंधित पुलिसकर्मियों के सोशल मीडिया अकाउंट की गोपनीय जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह देखा जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने वर्दी में किस तरह के वीडियो और रील पोस्ट किए हैं। साथ ही यह भी परखा जा रहा है कि इन वीडियो से पुलिस विभाग की छवि, अनुशासन और गोपनीयता पर कोई प्रतिकूल प्रभाव तो नहीं पड़ रहा है।

कार्बाइन वाली रील के बाद बढ़ी चर्चा

यह मामला उस समय अधिक चर्चा में आया, जब महिला आरक्षक कुमकुम दुबे की कार्बाइन के साथ बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इसके बाद पुलिसकर्मियों के वर्दी में सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने और उन्हें सार्वजनिक करने को लेकर सवाल उठने लगे। जांच की जानकारी सामने आने के बाद कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा अपने पुराने वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया अकाउंट से हटाए जाने की भी खबर है।

नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई

अधिकारियों के मुताबिक, जांच में यदि किसी पुलिसकर्मी द्वारा विभागीय नियमों, अनुशासन या वर्दी की गरिमा के विपरीत गतिविधियां किए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

हालांकि, पुलिस की इस पहल का उद्देश्य सोशल मीडिया पर जागरूकता से जुड़े कंटेंट को रोकना नहीं है। साइबर ठगी, यातायात नियमों के पालन और अपराधों से बचाव जैसे विषयों पर आमजन को जागरूक करने वाले उपयोगी वीडियो बनाए जा सकेंगे। पुलिस मुख्यालय की इस कवायद का मुख्य उद्देश्य पुलिस की वर्दी की गरिमा, विभागीय अनुशासन और संवेदनशील जानकारियों की गोपनीयता बनाए रखना है।

Related Articles

Back to top button