Blogमध्यप्रदेश
कटनी में रफ्तार का कहर: कुछ घंटों में तीन युवकों की दर्दनाक मौत, सुर्खी मोड़ पर दो बसों की चपेट में आने से दो युवकों ने तोड़ा दम, हरदुआ बस स्टैंड पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को कुछ ही घंटों के अंतराल में हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। लगातार हुई इन घटनाओं से जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हादसों के बाद दोनों घटनास्थलों पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
सुर्खी मोड़ पर दो बसों की चपेट में आए बाइक सवार
पहला दर्दनाक हादसा एनकेजे थाना क्षेत्र के सुर्खी मोड़ के पास हुआ। यहां बाइक सवार तीन युवक हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि दो बसों की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।




