मध्यप्रदेश
सजे माता के दरबार, आज से गूंजेंगे माँ के जयकारे, नौ दिनों तक होगी मां दुर्गा की आराधना, मंदिरों से लेकर घरों तक रहेगा भक्तिमय माहौल
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- शक्ति की उपासना का पावन पर्व शारदीय नवरात्र रविवार से शुरू हो गया है। नवरात्र को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक उत्साह और भक्ति का माहौल है। मां दुर्गा के स्वागत के लिए मंदिरों में आकर्षक साज-सज्जा की गई है, वहीं देवी पंडाल भी श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार हैं।
नवरात्र के पहले दिन घरों और मंदिरों में विधि-विधान से घट स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही मां दुर्गा की पूजा-अर्चना, दुर्गा सप्तशती के पाठ और आरती का सिलसिला शुरू होगा। श्रद्धालु नौ दिनों तक उपवास रखकर मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना करेंगे और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगे।
नवरात्र के दौरान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। जगह-जगह भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों से वातावरण भक्तिमय रहेगा। मां के जयकारों के बीच श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ शक्ति की उपासना में लीन रहेंगे।





