प्रशासनमध्यप्रदेश

बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहनों पर चलेगा कार्रवाई का अभियान, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार, बिना सूचना बैठक से अनुपस्थित मंडी सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- जिले में बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर अब प्रशासन सख्त रुख अपनाने जा रहा है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने खनिज एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को ऐसे वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सोमवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समय-सीमा में निराकरण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

बैठक में स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, राजस्व प्रकरणों और टीएल पत्रों की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान बिना पूर्व सूचना बैठक से अनुपस्थित रहने पर मंडी सचिव मनीष मंडावी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुबह 10 बजे तक अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयों का औचक निरीक्षण कराया जाएगा और अनुपस्थित पाए जाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं रीठी क्षेत्र की नहरों की साफ-सफाई कराने के निर्देश जल संसाधन विभाग को दिए गए। गौशालाओं में गायों की वास्तविक संख्या का पता लगाने के लिए पटवारियों के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराने को भी कहा गया।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, सभी एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button