Blogमध्यप्रदेश

कटनी के फोर्टीफाइड चावल मामले में खाद्य मंत्री का एक्शन, सात दिन में जांच रिपोर्ट तलब

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- जिले से फोर्टीफाइड चावल के गायब होने का मामला सामने आने के बाद प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने गंभीरता दिखाई है। उन्होंने प्रकरण की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए भोपाल से वरिष्ठ अधिकारियों का विशेष जांच दल गठित किया जाएगा। वहीं अपर मुख्य सचिव खाद्य के.सी. गुप्ता को सात दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य मंत्री राजपूत ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी निष्पक्षता और गंभीरता के साथ की जाए, ताकि फोर्टीफाइड चावल के गायब होने के पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। जांच में यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी अथवा परिवहनकर्ता की लापरवाही या संलिप्तता उजागर होती है, तो संबंधितों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बताया गया है कि फोर्टीफाइड चावल से भरे ट्रकों के गायब होने का मामला खाद्यान्न परिवहन व्यवस्था, निगरानी तंत्र और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा हुआ है। जांच दल यह पता लगाएगा कि परिवहन प्रक्रिया के दौरान कहां चूक हुई और इस पूरे प्रकरण में किन अधिकारियों एवं संबंधित लोगों की क्या भूमिका रही।

मंत्री ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली और खाद्यान्न प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। सरकारी खाद्यान्न के दुरुपयोग और लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब सभी की नजरें सात दिन में आने वाली जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मामले की वास्तविकता और जिम्मेदारों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button