प्रशासनमध्यप्रदेश

जबलपुर में बिना अनुमति तेज आवाज में DJ बजाना पड़ा भारी.., रांझी, सिविल लाइन और गोहलपुर में पुलिस की दबिश, तीन वाहन और डीजे साउंड सिस्टम जब्त

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- बिना अनुमति तेज आवाज में डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाने वालों पर जबलपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। रांझी, सिविल लाइन और गोहलपुर थाना क्षेत्रों में पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए डीजे सिस्टम सहित वाहन जब्त किए। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश कोलाहल अधिनियम सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

रांझी में ट्रक से डीजे उपकरण जब्त: थाना प्रभारी उमेश कुमार गोल्हानी के अनुसार, 12 अक्टूबर की रात गोकलपुर मेन रोड पर स्वराज माजदा ट्रक में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस ने शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्त्री (32), निवासी घाना खमरिया को पकड़कर ट्रक, 15 डीजे बॉक्स, मिक्सर, दो एम्पलीफायर और जनरेटर जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध धारा 7/15 मध्यप्रदेश कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

सिविल लाइन में पिकअप जब्त

11 अक्टूबर को पुलिस लाइन गेट के सामने पेट्रोलिंग के दौरान महिंद्रा पिकअप में तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजता मिला। पुलिस ने अविनाश पासवान (28), निवासी न्यू कंचनपुर, अधारताल के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पिकअप, आठ बड़े साउंड बॉक्स, मिक्सर मशीन और एम्पलीफायर जब्त किए।

गोहलपुर में भी कार्रवाई

12 अक्टूबर को अहिंसा चौक के पास पुलिस ने वाहन में तेज आवाज में डीजे बजाते हुए सौरभ विश्वकर्मा (29), निवासी कृष्णा कॉलोनी, गोहलपुर को पकड़ा। पुलिस ने वाहन के साथ दो बड़े और छह छोटे डीजे बॉक्स, छह लाइट, डीजल इंजन, एम्पलीफायर और स्टेपलाइजर जब्त किए। आरोपी के विरुद्ध धारा 223(ए) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और धारा 7/15 मध्यप्रदेश कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, तेज आवाज में डीजे बजाने से आमजन को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना वैधानिक अनुमति ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button