प्रशासनमध्यप्रदेश
लाड़ली बहनों के खाते में पहुंची 41वीं किस्त, 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उमरिया के गुरुवाही से सिंगल क्लिक से अंतरित की राशि
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

उमरिया- मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों का इंतजार खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को उमरिया जिले के मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम गुरुवाही में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त जारी कर दी। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की करीब 1 करोड़ 25 लाख पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1500-1500 रुपये की राशि अंतरित की।
योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता से महिलाओं को घरेलू खर्चों के प्रबंधन में मदद मिलती है। प्रदेश सरकार द्वारा पात्र हितग्राही महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये की सहायता दी जा रही है। किस्त जारी होने से लाभार्थी महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है।
गुरुवाही में आयोजित हुआ राज्यस्तरीय कार्यक्रम
लाड़ली बहना योजना की राशि अंतरित करने के लिए ग्राम गुरुवाही में सम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और बटन दबाकर हितग्राही महिलाओं के खातों में राशि हस्तांतरित की। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी प्रदेश सरकार के आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी साझा की गई।
स्व-सहायता समूहों की प्रदर्शनी देखी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम गुरुवाही में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की जानकारी ली और उनके कार्यों को देखा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिले के दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल भी भेंट की, जिससे उन्हें आवागमन में सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री नागर सिंह, शहडोल सांसद हिमांद्री सिंह सहित जिले के जनप्रतिनिधि और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





