गुना- जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुम्हारी गांव में रविवार सुबह करीब 9:30 बजे एक किसान के खलियान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और खलियान में रखी मक्का की फसल, भुट्टे तथा अन्य कृषि सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं, जबकि उठता हुआ धुएं का गुबार करीब पांच किलोमीटर दूर से नजर आ रहा था।
आगजनी की इस घटना में खलियान में खड़ा एक बोलेरो पिकअप वाहन और एक अन्य चार पहिया वाहन भी पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग की चपेट में आने से किसान पप्पू धाकड़, उनके पुत्र अनिल धाकड़ तथा पड़ोस में रहने वाले किसान भगवानलाल शिकारी झुलस गए। तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
आग बुझाने ग्रामीणों ने किया प्रयास, देर से पहुंची दमकल
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग की भयावहता को देखते हुए ग्रामीण एकजुट होकर आग बुझाने में जुट गए। साथ ही दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। ग्रामीणों के अनुसार, गांव दूरस्थ क्षेत्र में होने के कारण दमकल वाहन को मौके पर पहुंचने में करीब एक से डेढ़ घंटे का समय लग गया। तब तक आग खलियान में रखी फसल और वाहनों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले चुकी थी। दमकल वाहन के पहुंचने के बाद काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया।
लाखों के नुकसान की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
इस भीषण आगजनी में किसान की मक्का की फसल, भुट्टे, कृषि सामग्री और दो चार पहिया वाहनों के जलने से लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस घटना के कारणों की जांच करने के साथ ही हुए नुकसान का आकलन करने में जुटी है।