कटनी- तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों से बचाने और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर गुरुवार को माधवनगर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के आसपास विशेष जांच अभियान चलाया गया।
तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी डॉ. चांदनी रिमझा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 8 दुकानदारों के विरुद्ध कोटपा अधिनियम की धारा 6बी के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 1,450 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
कार्रवाई के दौरान प्रधान आरक्षक राहुल सिंह एवं कॉन्स्टेबल संदीप भलावी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने के लिए जांच एवं कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।