जबलपुर- शराब पीने के लिए रुपये देने से इनकार करने पर बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर गोली मार दी। लार्डगंज थाना क्षेत्र के कछियाना में सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे हुई वारदात में तरुण मिर्गे के घुटने में गोली लगी। हमले के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
रुपये मांगे, इनकार पर किया हमला
थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य के अनुसार, कछियाना निवासी तरुण मिर्गे से कुछ बदमाशों ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे थे। तरुण ने पैसे देने से मना किया तो विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोपियों ने पहले चाकू से वार किया, फिर पिस्तौल से गोली चला दी। गोली घुटने में लगने से तरुण घायल होकर गिर पड़ा।
पैर में फंसी गोली, आज होगा ऑपरेशन
घायल तरुण को परिजन और स्थानीय लोग नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के मुताबिक, गोली उसके पैर में फंसी हुई है, जिसे निकालने के लिए आज ऑपरेशन किया जाएगा। चिकित्सकों की टीम उसकी स्थिति पर नजर रखे हुए है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात के बाद हवाई फायरिंग कर भागे आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। मामले की जांच जारी है।