कटनी- मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और मौजूदा प्रविष्टियों में सुधार कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत रविवार 22 नवंबर को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों के साथ महाविद्यालयों और हायर सेकेंडरी स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, नाम विलोपित कराने के लिए फार्म-7 और नाम अथवा अन्य प्रविष्टियों में संशोधन कराने के लिए फार्म-8 प्रस्तुत किए जा सकते हैं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशीष तिवारी ने जिले के सभी पात्र युवाओं और नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष शिविरों का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना सुनिश्चित करें। नागरिक अपने आवेदन संबंधित बीएलओ अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास जमा कर सकते हैं। इसके अलावा एनव्हीएसपी पोर्टल और वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।