Blog

अनूपपुर में तड़के 4 बजे हुआ भीषण हादसा, सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो, दोस्त की शादी में शामिल होने घर आ रहे सेना के जवान समेत तीन की दर्दनाक मौत, दो सगे भाइयों ने भी गंवाई जान; एक युवक गंभीर रूप से घायल, मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में सेना के जवान समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत छूलहा गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में दो सगे भाई और बोलेरो का मालिक शामिल है।

दोस्त की शादी में शामिल होने छुट्टी लेकर आ रहा था जवान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में मृतकों की पहचान धनगवां निवासी दीनबंधु विश्वकर्मा (36), उनके छोटे भाई विनीत विश्वकर्मा (26) और मोहम्मद करीम (32) के रूप में हुई है। विनीत भारतीय सेना में जवान था और छत्तीसगढ़ के रायपुर में अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था। हादसे में धनगवां निवासी राजू तिवारी (30), पिता सुरेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है।

रात 3 बजे ट्रेन से पहुंचा, बोलेरो से लौट रहा था घर

मृतक विनीत के पिता जयकरण विश्वकर्मा ने बताया कि उनका सबसे छोटा बेटा विनीत भारतीय सेना में पदस्थ था। वह दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहा था। सोमवार तड़के करीब 3 बजे ट्रेन से पहुंचने के बाद वह बोलेरो से घर लौट रहा था। उसके साथ बड़ा भाई दीनबंधु और दोस्त राजू तिवारी भी मौजूद थे। छूलहा गांव के पास यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।

सुबह 5:30 बजे परिजनों को मिली हादसे की सूचना

परिजनों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस ने उन्हें हादसे की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतकों और घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजू तिवारी का प्राथमिक उपचार कर उन्हें मेडिकल कॉलेज शहडोल भेज दिया गया।

तीनों मृतकों के शव जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाए गए हैं। पुलिस सहायता केंद्र में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं, पुलिस पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक घटना से धनगवां क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Articles

Back to top button