Blogप्रशासनमध्यप्रदेश

उमरिया की अनुमति, कटनी की सीमा में खनन! कागजों पर बंद 49 खदानें, नदियों में रातभर दौड़ रहीं पोकलेन-जेसीबी

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- जिले में रेत खनन पर प्रतिबंध के बावजूद अवैध उत्खनन और परिवहन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले की 49 रेत खदानें सरकारी रिकॉर्ड में करीब डेढ़ साल से बंद हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर तस्वीर कुछ और ही बयां कर रही है। आरोप है कि कथित सांठगांठ के चलते रेत कारोबारी नदियों की बीच धार में सड़कें बनाकर रात के अंधेरे में पोकलेन, जेसीबी और चेन माउंटेन जैसी भारी मशीनों से धड़ल्ले से रेत निकाल रहे हैं। बरही और बड़वारा क्षेत्र की नदियों में चल रही गतिविधियां खनिज विभाग की निगरानी और प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रही हैं।

भदार, उमराड़, महानदी और पिपही नदियों में बड़े पैमाने पर रेत उत्खनन किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर नदी के प्राकृतिक बहाव को प्रभावित करने और उसकी दिशा तक बदलने के आरोप हैं। कटनी और उमरिया जिले की सीमा पर बहने वाली भदार नदी के मुड़गुड़ी क्षेत्र में ठेका कंपनी द्वारा कथित तौर पर नियमों को ताक पर रखकर खनन किया जा रहा है। यहां से निकाली गई रेत की आपूर्ति मध्य प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों तक किए जाने की बात सामने आ रही है।

जिले में पहले रेत खनन का काम धनलक्ष्मी कंपनी के पास था। कंपनी ने मझगवां, विलायतकला और बसाड़ी के समीप नाके स्थापित किए थे। हाईवे और राजमार्गों पर इन नाकों के माध्यम से कथित मनमानी का मामला पहले भी सामने आया था, जिसे मीडिया द्वारा प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद कंपनी के कर्मचारी और नाके तो हटा दिए गए, लेकिन मौके पर उनके स्ट्रक्चर आज भी खड़े हैं। हैरानी की बात यह है कि खनिज विभाग और प्रशासन अब तक इन स्ट्रक्चर को पूरी तरह नहीं हटवा पाए हैं।

वहीं, भदार नदी का क्षेत्र बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के बफर जोन से जुड़ा होने के कारण पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील है। ऐसे क्षेत्र में भारी मशीनों से उत्खनन और वाहनों की आवाजाही वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को प्रभावित कर सकती है। इसके बावजूद यदि यहां खनन गतिविधियां संचालित हो रही हैं, तो वन विभाग और खनिज विभाग की संयुक्त निगरानी भी जरूरी हो जाती है।

मामले में खनिज उपसंचालक डॉ. रत्नेश दीक्षित का कहना है कि जिले में रेत की खदानें बंद हैं। अवैध खनन की शिकायतों पर अभियान चलाकर जिलेभर की खदानों के रास्ते बंद कराए गए हैं। नाकों के स्ट्रक्चर भी शीघ्र हटवाए जाएंगे। बरही क्षेत्र में जिले की सीमा पर उमरिया जिले की खदानों से रेत निकासी हो रही है। यदि सुतरी में कटनी जिले की सीमा के भीतर खनन किया जा रहा है, तो इसकी औचक जांच कराई जाएगी।

कलेक्टर को पता नहीं, कहां लग रही मशीनें!

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जिले की 49 रेत खदानें लंबे समय से बंद हैं और खनिज विभाग द्वारा खदानों तक जाने वाले रास्ते बंद कराने का दावा किया जा रहा है, तो फिर नदियों में भारी मशीनें कैसे पहुंच रही हैं? रात के अंधेरे में हो रहे कथित उत्खनन और गांवों से गुजर रहे रेत से भरे वाहनों पर निगरानी कौन कर रहा है? क्या प्रशासन को इन गतिविधियों की जानकारी नहीं है या फिर कार्रवाई केवल शिकायतों और कागजी अभियानों तक सीमित है? अब जरूरत है कि जिला प्रशासन, खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण करे और सीमांकन के आधार पर यह स्पष्ट करे कि कहां वैध और कहां अवैध उत्खनन हो रहा है।

Related Articles

Back to top button