Blogप्रशासनमध्यप्रदेशराजनीति

झमाझम बारिश के बीच कटनी में निकली भव्य तिरंगा पदयात्रा, हजारों देशप्रेमियों ने दिया राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से शहर के प्रमुख मार्गों तक गूंजे ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष

कटनी- हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को कटनी में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। झमाझम बारिश और रिमझिम फुहारों के बीच फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम से भव्य तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। बारिश ने जहां शहर को तरबतर किया, वहीं हजारों देशप्रेमियों के उत्साह और जज्बे ने साबित कर दिया कि राष्ट्रभक्ति के आगे मौसम की चुनौती भी छोटी पड़ जाती है।

तिरंगा पदयात्रा को खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में हजारों छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों और देशभक्तों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने पूरे शहर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।

बारिश के बीच भी कदम नहीं रुके

यात्रा के दौरान आसमान से लगातार बारिश होती रही, लेकिन देशभक्ति के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। तिरंगा थामे छात्र-छात्राएं और नागरिक पूरे जोश के साथ यात्रा में आगे बढ़ते रहे। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और अमर शहीदों के जयघोष से यात्रा मार्ग गूंजता रहा। बैंड-बाजों की देशभक्ति धुनों ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया।

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा

तिरंगा यात्रा फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से प्रारंभ होकर स्टेट बैंक तिराहा, गांधी द्वार, जैन मंदिर, खेरमाई मंदिर, घंटाघर, सराफा कपड़ा बाजार, सुभाष चौक और मोहन टॉकीज होते हुए वापस फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड पहुंची। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और देशभक्ति के इस आयोजन का हिस्सा बने।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी रहे शामिल

तिरंगा पदयात्रा में विधायक मुड़वारा श्री संदीप जायसवाल, बड़वारा विधायक श्री धीरेन्द्र बहादुर सिंह, महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, नगर निगम आयुक्त श्रीमती तपस्या परिहार, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, वनमंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार, अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ समापन

तिरंगा यात्रा के वापस फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड पहुंचने पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। इस दौरान पूरा मैदान देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत नजर आया। बारिश के बीच हजारों लोगों की सहभागिता ने तिरंगा पदयात्रा को कटनी के लिए यादगार बना दिया।

बारिश ने परीक्षा ली लेकिन तिरंगे के सम्मान में देशप्रेमियों के कदम नहीं रुके। उमड़े जनसैलाब ने संदेश दिया कि राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का जज्बा किसी भी मौसम से बड़ा है।

Related Articles

Back to top button