कटनी रोजगार मेले में युवाओं की बड़ी सफलता: 1359 का प्राथमिक चयन, 40 हितग्राहियों को मिले 94.79 लाख रुपये
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी

कटनी- जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप से जोड़ने के उद्देश्य से शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय कटनी में शुक्रवार को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में आयोजित इस मेले में निजी क्षेत्र की 11 कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों में उपलब्ध 1778 रिक्तियों के विरुद्ध 1359 युवक-युवतियों का प्राथमिक चयन किया गया।
मेले में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री रवि खरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
लक्ष्य तय कर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें युवा: कलेक्टर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने युवाओं से आत्मनिर्भर बनने और स्वयं का रोजगार स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता। सफलता के लिए जरूरी है कि युवा अपने लक्ष्य का चयन कर दृढ़ संकल्प और मेहनत के साथ आगे बढ़ें।
कलेक्टर ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं एवं उनमें उपलब्ध अनुदान राशि की जानकारी देते हुए युवाओं को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर के प्रेरक उद्बोधन के बाद बड़ी संख्या में युवा स्वरोजगार योजनाओं से संबंधित काउंटरों पर पहुंचे और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। युवाओं ने विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से रोजगार के अवसरों को लेकर भी चर्चा की। कार्यक्रम को भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी ने भी संबोधित किया।
40 हितग्राहियों को 94.79 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
रोजगार मेले के दौरान विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत 40 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं कुल 94.79 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि वितरित की गई। उद्यम क्रांति योजना, आर्थिक कल्याण योजना, बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत भी पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया।
एक ही मंच पर रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप की जानकारी
मेले में जनजातीय कार्य विभाग, अंत्यावसायी विभाग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, पशुपालन विभाग सहित अन्य विभागों ने सहभागिता की। विभागों द्वारा युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस पहल से जिले के युवाओं को एक ही स्थान पर रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसरों की जानकारी मिली। साथ ही उन्हें निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने का अवसर भी प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में प्राचार्य शासकीय आईटीआई कटनी श्री देवेश कुमार मिश्रा, प्राचार्य शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय श्री नरेंद्र बरखेड़कर, जिला रोजगार अधिकारी श्रीमती सुषमा विश्वकर्मा तथा महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र श्रीमती ज्योति सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मेला प्रभारी श्री अनिल कुमार तिवारी ने किया। अंत में श्री आलोक मिश्रा ने अतिथियों, अधिकारियों, कंपनियों एवं मेले में शामिल सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




