मध्यप्रदेश

गांव-गांव पहुंचकर उल्टी-दस्त से बचाव का संदेश दे रहे बीएमओ डॉ. बी.के. प्रसाद, स्वच्छ पानी, साफ-सफाई और सुरक्षित खान-पान अपनाने की सलाह; लक्षण दिखने पर समय पर उपचार लेने की अपील

जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी/उमरियापान- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरियापान के बीएमओ डॉ. बी.के. प्रसाद द्वारा मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इन दिनों उल्टी-दस्त जैसी जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य अमले के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

बीएमओ डॉ. प्रसाद ने लोगों से पीने के पानी को सुरक्षित रखने, भोजन को ढककर रखने तथा खाना खाने और शौचालय के बाद साबुन से हाथ धोने की अपील की है। उन्होंने उल्टी-दस्त होने पर शरीर में पानी और लवणों की कमी से बचने के लिए ओआरएस का उपयोग करने तथा गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की सलाह दी। विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर मरीजों में डिहाइड्रेशन का खतरा अधिक होने के कारण लापरवाही न बरतने पर जोर दिया गया है।

बीएमओ की सक्रियता से स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं के साथ बीमारी की रोकथाम और ग्रामीण स्वास्थ्य जागरूकता को भी प्राथमिकता मिल रही है। उनका कहना है कि बीमारी का उपचार जरूरी है, लेकिन समय रहते लोगों को जागरूक कर बीमारी की संभावनाओं को कम करना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है।

Related Articles

Back to top button