Blogप्रशासनमध्यप्रदेश

जबलपुर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी बड़ी सौगातें, मेडिकल विश्वविद्यालय होगा एम्स की तर्ज पर विकसित, जबलपुर बनेगा मेट्रोपॉलिटन सिटी, 362.31 करोड़ की अमृत सीवेज परियोजना का लोकार्पण, आधुनिक लॉन्ड्री, मत्स्य विक्रय केंद्र और ई-सिटी बस की भी सौगात

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संस्कारधानी जबलपुर को विकास की अनेक महत्वपूर्ण सौगातें देते हुए शहर को मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित करने की बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जबलपुर स्थित मेडिकल विश्वविद्यालय को भविष्य में एम्स की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जिससे महाकौशल क्षेत्र को उच्चस्तरीय चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को एक वर्ष के भीतर जबलपुर मेट्रोपॉलिटन सिटी का विस्तृत प्रारूप तैयार करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव घंटाघर स्थित गीता भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा, सुशासन और जनकल्याण का नया अध्याय लिख रहा है। मध्यप्रदेश सरकार भी इसी संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास ही सरकार की कार्यशैली का आधार है और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

362.31 करोड़ की अमृत सीवेज परियोजना का लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 362.31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार ‘अमृत 1.0’ सीवेज परियोजना का लोकार्पण किया। इसके साथ ही कठौंदा, ललपुर और तेवर में निर्मित तीन बड़े सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी शुभारंभ किया गया। इन परियोजनाओं से शहर के लगभग 89 हजार घरों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शहरी अधोसंरचना के विकास के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी समान प्राथमिकता दी जा रही है। सीवेज परियोजना के पूर्ण होने से शहर की स्वच्छता व्यवस्था और बेहतर होगी तथा नर्मदा नदी के संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

मेडिकल विश्वविद्यालय को मिलेगा एम्स जैसा स्वरूप

मुख्यमंत्री ने कहा कि जबलपुर का मेडिकल विश्वविद्यालय भविष्य में एम्स की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इससे चिकित्सा शिक्षा, शोध और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी। महाकौशल क्षेत्र के विद्यार्थियों और मरीजों को उन्नत चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलने के साथ ही जबलपुर स्वास्थ्य शिक्षा के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल भवन और सड़कों का निर्माण करना नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और नागरिक सुविधाओं के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति के जीवन स्तर में सुधार लाना है।

मदन महल में बनेगा आधुनिक जू और रेस्क्यू सेंटर

पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने मदन महल क्षेत्र में आधुनिक प्राणी उद्यान और रेस्क्यू सेंटर विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से जबलपुर की पर्यटन पहचान को और मजबूती मिलेगी तथा वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में भी नई सुविधाएं विकसित होंगी।

मुख्यमंत्री ने जबलपुर में फर्नीचर क्लस्टर स्थापित करने की घोषणा भी की। इससे स्थानीय कारीगरों को बेहतर बाजार, आधुनिक संसाधन और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि जबलपुर को शिक्षा, उद्योग और पर्यटन के अग्रणी शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।

सांदीपनि विद्यालयों की भी घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी भूमि उपलब्ध होने पर सांदीपनि विद्यालय खोले जाएंगे। इन विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

रजक और मछुआरा समाज को आधुनिक सुविधाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने सिविल लाइन क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉडर्न लॉन्ड्री परिसर का लोकार्पण किया। यह परिसर रजक समाज के लोगों को बेहतर कार्य वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराएगा।

इसके साथ ही गुरंदी में 2.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए पक्के मत्स्य विक्रय केंद्र का भी लोकार्पण किया गया। इस अत्याधुनिक मत्स्य बाजार में 55 व्यापारियों को सुविधायुक्त दुकानें उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी वर्गों के समावेशी विकास के लिए कार्य कर रही है और समाज के विभिन्न समुदायों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

11 लाख पौधों का अभियान पर्यावरण संरक्षण की बड़ी पहल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर में चलाए जा रहे 11 लाख पौधारोपण अभियान को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक सघन वृक्षारोपण पद्धति मियावाकी के माध्यम से कम भूमि पर अधिक पौधे लगाए जा रहे हैं। इससे कम समय में हरित क्षेत्र का विस्तार होगा और जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश मां नर्मदा सहित अनेक जीवनदायिनी नदियों का उद्गम स्थल है। इसलिए जल, जंगल और पर्यावरण का संरक्षण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

जनकल्याणकारी योजनाओं से बदला करोड़ों लोगों का जीवन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित निःशुल्क राशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर नल से जल, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री स्वनिधि और स्वरोजगार योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जबलपुर नगर निगम की विशेष सराहना की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने योजना के 500 हितग्राहियों को डिजिटल कार्ड भी प्रदान किए तथा ई-सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया।

‘मन की बात’ बना देशवासियों से संवाद का प्रभावी माध्यम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम ने आकाशवाणी को नई पहचान और नई ऊर्जा प्रदान की है। उन्होंने आकाशवाणी के पुराने दिनों और लोकप्रिय ‘पंचरंगी कार्यक्रम’ को याद करते हुए कहा कि समय के साथ दूरदर्शन और अन्य संचार माध्यमों के विस्तार से नई पीढ़ी रेडियो से कुछ दूर हो गई थी, लेकिन ‘मन की बात’ ने रेडियो को फिर से देशवासियों से जोड़ दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों से संवाद का प्रभावी माध्यम बन चुका है।

18 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती, ढाई लाख से अधिक कर्मचारियों को पदोन्नति

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार सृजन और संतुलित विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। पिछले दो वर्षों में पुलिस विभाग में 18 हजार पदों पर भर्ती की गई है। इसके अलावा विभिन्न विभागों में ढाई लाख से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान और प्रोत्साहन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

जबलपुर विकास का नया मॉडल बन रहा है : महापौर

महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व, मार्गदर्शन और दूरदर्शी सोच के अनुरूप जबलपुर में विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। अमृत योजना के तहत सीवेज नेटवर्क, हर घर नर्मदा जल पहुंचाने सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया गया है।

उन्होंने कहा कि गीता भवन, रजक समाज के लिए आधुनिक लॉन्ड्री परिसर और गुरंदी में अत्याधुनिक मत्स्य विक्रय केंद्र जैसी परियोजनाएं मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच का परिणाम हैं। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के मार्गदर्शन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से नगर निगम विकास कार्यों को तेजी से पूरा कर रहा है।

जबलपुर तेजी से आधुनिक महानगर के रूप में उभर रहा : सांसद

सांसद आशीष दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास, सुशासन और सामाजिक समरसता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को प्रदेश में धरातल पर उतारने का कार्य किया जा रहा है, जिसका प्रत्यक्ष लाभ जबलपुर सहित पूरे प्रदेश को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि अमृत फेस-1 परियोजना, आधुनिक लॉन्ड्री परिसर और मत्स्य विक्रय केंद्र जैसी परियोजनाएं समावेशी विकास के संकल्प का प्रतीक हैं। इनसे विभिन्न वर्गों को बेहतर सुविधाएं और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

विकास और सुशासन का नया अध्याय लिख रहा मध्यप्रदेश : विधायक डॉ. अभिलाष पांडे

विधायक डॉ. अभिलाष पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने समान नागरिक संहिता और फायर सेफ्टी एक्ट जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन फैसलों से प्रदेश में नई व्यवस्थाएं स्थापित हुई हैं तथा विभिन्न वर्गों को लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, विधायक अशोक रोहाणी, विधायक सुशील कुमार तिवारी ‘इंदु’, विधायक नीरज सिंह, विधायक संतोष वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोटिया, मध्यप्रदेश तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोटिया, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन, उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button