प्रशासनमध्यप्रदेश

अवैध शराब कांड पर सीएम का सख्त रुख, दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा; सीमावर्ती क्षेत्रों तक चलेगा सघन जांच अभियान, नशे के अवैध कारोबार पर प्रहार के साथ पूरे प्रदेश में नशा मुक्ति अभियान चलाने के निर्देश

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल/सागर- सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में अवैध शराब से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाए, लेकिन कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी हो तथा किसी निर्दोष को परेशान न किया जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में जनप्रतिनिधियों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने जिले के साथ-साथ आसपास और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी गहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल पड़ताल कर अवैध शराब सामग्री जब्त करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा।

अवैध शराब के साम्राज्य पर चलेगा बुलडोजर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपराध और असामाजिक गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ उनके अवैध अतिक्रमण और गैरकानूनी गतिविधियों के नेटवर्क पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को इस मामले में पूरी स्वतंत्रता के साथ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अफवाह फैलाने वालों पर भी कसेगा शिकंजा

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों पर शांति और सौहार्द बिगाड़ने वाली अफवाहें फैलाने वालों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जानबूझकर अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

समाज के साथ मिलकर चलेगा नशा मुक्ति अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए केवल प्रशासनिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं को साथ लेकर व्यापक नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने प्रदेशभर में नशे के खिलाफ सामाजिक प्रतिबद्धता के साथ अभियान को गति देने की बात कही।

कठोर कानून के तहत होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अवैध शराब से जुड़े गंभीर अपराधों में कठोर दंड का प्रावधान है। दोषियों के खिलाफ कानून के अनुरूप हत्या से लेकर आजीवन कारावास और फांसी तक की सजा के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामले में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।

BMC पहुंचकर मरीजों का जाना हाल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचकर अवैध शराब कांड से प्रभावित मरीजों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि “चिंता मत करिए, सरकार हर स्थिति में आपके साथ खड़ी है।” मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को मरीजों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दवाएं, जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं 24 घंटे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी सहित सागर जिले के विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, नगर निगम अध्यक्ष, वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button