मध्यप्रदेश

सिलोंडी छात्रावास का जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की परखी हकीकत…, छात्राओं को एजुकेशन सहित प्रतियोगी और बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने दिए टिप्स

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सतत रूप से मैदानी धरातल पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु निरीक्षण एवं जन संवाद करते हुए नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का समाधान तत्परता पूर्वक किए जाने का क्रम अनवरत रूप से जारी है। जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा क्षेत्र अंतर्गत सिलोंडी कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन प्रगतिरत भवनों, छात्रावास में उपलब्ध व्यवस्थाओं का बड़ी बारीकी से अवलोकन कर स्वच्छता पर प्राथमिकता से ध्यान देने को कहा एवं अपूर्ण भवनों को यथाशीघ्र गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

 बेहतर प्रदर्शन हेतु दिए टिप्स

जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने छात्राओं से पढ़ाई, परीक्षा की तैयारी, उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं आदि के संबंध में आत्मीयता और स्नेह के साथ संवाद करते हुए जानकारी ली। उन्होंने आवासीय और शैक्षणिक व्यवस्थाओ को और अधिक सुदृढ़ करने वार्डन और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सुश्री कौर ने डिजिटल एजुकेशन के द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं एवं बोर्ड एग्जाम में बेहतर प्रदर्शन करने हेतु उपयोगी टिप्स दिए। सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने कहा कि परीक्षाओं से घबराना नहीं है बल्कि लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम से अध्ययन कर सवालों के सही जवाब देने है। यदि आप नियमित रूप से अध्ययन करते हैं तो सफलता आपसे दूर नहीं रहेगी।

इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी एस.एन.पांडे, डीपीसी श्री प्रेम नारायण तिवारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button