मध्यप्रदेश

एडिशनल सीईओ अनुराग मोदी ने कन्या माध्यमिक शाला सिलोंडी में छात्राओं से किया संवाद, अंग्रेजी के सवालों पर छवि चक्रवर्ती ने दिए फर्राटेदार जवाब; मिड-डे मील चखकर परखी गुणवत्ता

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा लगातार मैदानी भ्रमण कर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, शिक्षा व्यवस्था और जनसुविधाओं की जमीनी हकीकत परखी जा रही है। इसी क्रम में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुराग मोदी ने कन्या माध्यमिक शाला सिलोंडी पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया और शिक्षा की गुणवत्ता का जायजा लिया।

विद्यालय में पहुंचकर श्री अनुराग मोदी ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ और अध्ययन संबंधी जानकारी ली। उन्होंने स्वयं विद्यार्थियों को पढ़ाते हुए अंग्रेजी विषय से जुड़े एकवचन-बहुवचन, विलोमार्थी शब्द सहित अन्य प्रश्न पूछे। इसी दौरान कक्षा पांचवीं की छात्रा छवि चक्रवर्ती ने पूछे गए सवालों के एकदम सटीक और बेझिझक जवाब देकर सबको चौंका दिया।

छवि की हाजिरजवाबी और विषय पर पकड़ देखकर श्री अनुराग मोदी भी प्रभावित हुए। उन्होंने छात्रा की प्रतिभा की जमकर सराहना करते हुए उसे प्रोत्साहित किया। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों की भी प्रशंसा की और कहा कि विद्यार्थियों में इस तरह का आत्मविश्वास एवं विषय की समझ बेहतर शैक्षणिक वातावरण का संकेत है।

छात्राओं से सीधे संवाद कर परखी शिक्षा की नब्ज

एडिशनल सीईओ ने अन्य छात्राओं से भी बातचीत कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, विषयों को समझकर पढ़ने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।

अधिकारी ने खुद चखा मध्यान्ह भोजन का स्वाद

श्री अनुराग मोदी ने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन योजना की गुणवत्ता भी परखी। उन्होंने स्वयं मिड-डे मील का स्वाद चखकर भोजन की गुणवत्ता और स्वाद की जानकारी ली। साथ ही स्वच्छता एवं भोजन वितरण व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक कमलेश सैनी, शिक्षकगण एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button