Blogप्रशासनमध्यप्रदेश

एमपी के गुना जिले में अंधविश्वास के फेर में तेंदुए का शिकार! चार आरोपी गिरफ्तार, कटा सिर, खाल और पंजे बरामद

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

गुना- मध्य प्रदेश के गुना जिले में वन विभाग ने तेंदुए के शिकार के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने अंधविश्वास और कथित पारंपरिक दवा बनाने के लालच में तेंदुए की हत्या की। वन अमले ने आरोपियों के कब्जे से तेंदुए का कटा हुआ सिर, खाल, चारों पंजे और अन्य अवशेष बरामद किए हैं।

मामला गुना उत्तर वन परिक्षेत्र की अगरा बीट का है। तेंदुए के शिकार की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने विशेष अभियान चलाया और संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर वन अमले ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से तेंदुए का कटा हुआ सिर, खाल, चारों पंजे और अन्य अवशेष बरामद किए गए। वन विभाग ने घटना में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और हंसिया भी जब्त कर लिया है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि तेंदुए का शिकार कब और किस स्थान पर किया गया तथा वन्यजीव के अवशेषों का उपयोग या बिक्री किन उद्देश्यों से की जानी थी। साथ ही इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

वन्यजीव संरक्षण से जुड़े इस मामले के खुलासे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि संरक्षित वन्यजीवों के शिकार और उनके अंगों के अवैध कब्जे या कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button