प्रशासनमध्यप्रदेश

जबलपुर में फार्मर रजिस्ट्री और पीएम किसान योजना के कार्यों में लापरवाही पर प्रशासन की सख्ती, 17 पटवारी निलंबित, 164 को कारण बताओ नोटिस, दो पटवारियों की दो-दो वेतन वृद्धि रोकी गईं

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी

जबलपुर- जिले में शासकीय कार्यों के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने वाले पटवारियों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। फार्मर रजिस्ट्री, बकेट क्लेम, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, किसानों की ई-केवाईसी तथा स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के निराकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं लाने पर 17 पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा दो पटवारियों की दो-दो वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने तथा 164 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई है।

बार-बार निर्देश के बाद भी नहीं सुधरी कार्यप्रणाली

प्रशासन के अनुसार, संबंधित अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों द्वारा पटवारियों को निर्धारित शासकीय कार्य समय पर पूरा करने के लिए बार-बार निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं आई। इस पर संबंधित पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई।

तहसीलवार 17 पटवारियों पर कार्रवाई

निलंबित पटवारियों में जबलपुर तहसील के कपिल तिवारी, अमन चौरसिया, प्रशांत डोंगरे, रोहित पटेल, ओमप्रकाश तिवारी एवं नीलेश यादव शामिल हैं। पनागर तहसील के मुकेश मिश्रा, सजल नामदेव, सुरेंद्र कुमार कैथल एवं अभिषेक शर्मा को भी निलंबित किया गया है।

इसी तरह शहपुरा तहसील के दिलीप सिंह ठाकुर एवं सनिल पटेल, सिहोरा तहसील के निशांत वर्मा एवं हेमा कुम्हरे, कुंडम तहसील के दीपक प्रकाश छत्तर, मझौली तहसील की पूनम श्रीवास्तव तथा पोंड़ा तहसील के रोहित पाठक पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।

दो पटवारियों की वेतन वृद्धि रोकी

निलंबन के अतिरिक्त मझौली तहसील के राहुल पटेल और अभिषेक विश्वकर्मा की दो-दो वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं, जिले के 164 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर कार्यों में लापरवाही के संबंध में जवाब मांगा गया है।

प्रशासन की इस कार्रवाई को राजस्व संबंधी कार्यों में तेजी लाने और किसानों से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button