Blogमध्यप्रदेश

बारिश के मौसम में खानपान और स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : जिला पंचायत सीईओ, माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर सरसवाही का जिला पंचायत सीईओ ने किया निरीक्षण, छात्राओं से संवाद कर जानी व्यवस्थाओं की हकीकत

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर सरसवाही पहुंचकर परिसर में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने आवासीय परिसर, किचन रूम, भंडार गृह, आवासीय कक्ष, बिस्तर, स्नान गृह एवं प्रसाधन गृह सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीईओ ने प्राचार्य एवं छात्रावास अधीक्षक को निर्देश दिए कि छात्राओं को पर्याप्त स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण, ताजा एवं गरम भोजन-नाश्ता तथा शुद्ध पेयजल निर्धारित समय पर उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में खान-पान और स्वच्छता में बरती गई थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर समस्या का कारण बन सकती है। इसलिए सभी मूलभूत व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद और दुरुस्त रखा जाए।

अस्वस्थ छात्राओं के स्वास्थ्य की ली जानकारी

सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने हाल ही में छात्राओं के अचानक अस्वस्थ होने के संबंध में अधिकारियों एवं छात्राओं से जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से अलग-अलग तथा समूह में संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को प्रभावित छात्राओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने छात्राओं को बारिश के मौसम में संतुलित आहार, स्वच्छ खान-पान, शुद्ध पेयजल और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की समझाइश दी।

सुरक्षा और सुविधाओं में लापरवाही पर सख्त रुख

आवासीय परिसर का निरीक्षण करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने स्पष्ट कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत आवश्यक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गड़बड़ी क्षम्य नहीं होगी। सभी व्यवस्थाएं नियमित रूप से दुरुस्त रखी जाएं और छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम कटनी श्री प्रमोद चतुर्वेदी, आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक श्री विमल चौरसिया, परिसर के प्राचार्य, अधीक्षिका एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button