मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में एक परिवार के लिए सोमवार का दिन भारी पड़ गया। 30 साल का जवान बेटा घर सूना कर गया। घटना की जानकारी परिवार को मिलते ही घर में कोहराम मच गया। खेत में खड़ी मक्का की फसल को बचाने के लिए कीटनाशक खरीदने निकला किसान कभी घर नहीं लौट सका। राजगढ़-ब्यावरा मार्ग पर लक्ष्मणपुरा जोड़ के पास सोमवार दोपहर तेज रफ्तार बोलेरो ने उसकी बाइक को टक्कर मारने के बाद कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। चालक वाहन सहित फरार हो गया।
‘एसडीएम’ लिखी गाड़ी ने मारी टक्कर
इधर, परिजनों का दावा है कि दुर्घटना करने वाली बोलेरो के आगे ‘एसडीएम’ लिखा हुआ था। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है। कोतवाली थाना क्षेत्र के बांसखेड़ी निवासी मांगीलाल तंवर (28) सोमवार सुबह बाइक से ब्यावरा कीटनाशक लेने गए थे। दोपहर करीब 12 बजे गांव लौटते समय लक्ष्मणपुरा जोड़ के पास पीछे से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद बोलेरो का पहिया किसान के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, एसडीओपी अरविंद सिंह मौके पर पहुंच गए। एंबुलेंस की मदद से शव को जिला अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमाॅर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
टोल प्लाजा के सीसीटीवी में तलाशा सुराग
मृतक के परिजनों ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उन्हें जानकारी दी कि हादसा करने वाली बोलेरो कार के आगे ‘एसडीएम’ लिखा था। इसके बाद वे ब्यावरा टोल प्लाजा पहुंचे और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। उनका दावा है कि फुटेज में एक ऐसी बोलेरो दिखाई दी, जिस पर आगे ‘एसडीएम’ अंकित था। परिजनों ने संबंधित वाहन की तस्वीर भी पुलिस को उपलब्ध कराई है। उधर, पुलिस को घटनास्थल से बोलेरो की टूटी हुई हेडलाइट और नंबर प्लेट का हिस्सा भी मिला है। इन्हीं साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।
दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
मांगीलाल तंवर परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। खेती-किसानी के काम में लगे रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी सात वर्ष की है, जबकि छोटी बेटी की उम्र महज ढाई माह (75 दिन) है। किसान की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है वहीं, दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टीआई मंजू मखेनिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जिस कार ने टक्कर मारी उसकी तलाश की जा रही है।