Blogमध्यप्रदेश

जबलपुर के कटंगी में 12 हजार की रिश्वत लेते पकड़ी गई MPEB जूनियर इंजीनियर-लाइनमैन की जोड़ी

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

स्थाई बिजली कनेक्शन के लिए मांगी थी 15 हजार की घूस, शिकायत के सत्यापन के बाद 12 हजार में तैयार हुए आरोपी

जबलपुर/कटंगी- जबलपुर जिले के कटंगी स्थित मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमपीईबी) के सहायक अभियंता कार्यालय में लोकायुक्त की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए जूनियर इंजीनियर एवं लाइनमैन को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा कृषि भूमि में मोटर चलाने के लिए 3 एचपी का स्थाई बिजली कनेक्शन देने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी।

लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले के अनुसार, कटंगी के ग्राम जमुनिया निवासी मुकेश कुमार यादव ने कृषि भूमि में मोटर चलाने के लिए 3 एचपी का स्थाई बिजली कनेक्शन लेने हेतु आवेदन किया था। आरोप है कि कनेक्शन देने के एवज में कटंगी कार्यालय में पदस्थ सहायक अभियंता मनोज कुमार दुबे तथा लाइनमैन धनेश कुमार शुक्ला द्वारा आवेदक से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई।
रिश्वत की मांग से परेशान आवेदक ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय जबलपुर में की। शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई।

शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी 12 हजार रुपये की रिश्वत लेने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद लोकायुक्त की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की राशि आरोपियों के कब्जे से जब्त कर ली है।

लोकायुक्त की टीम ने की कार्रवाई

ट्रैप कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक नीतू त्रिपाठी, ट्रैप लीडिंग ऑफिसर निरीक्षक शशि कला मुस्कुले, निरीक्षक जितेंद्र यादव सहित लोकायुक्त टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। कार्रवाई के बाद आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button