सागर लोकायुक्त की टीम ने सांदीपनि विद्यालय की महिला क्लर्क जो कि मध्यप्रदेश तृतीय कर्मचारी संघ की अध्यक्ष भी है उसे रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।
टीचर से रिश्वत मांग रही थी महिला क्लर्क
सागर के सांदीपनि विद्यालय क्रमांक-1 में पदस्थ महिला क्लर्क गंधाली कदम के खिलाफ विद्यालय में पदस्थ शिक्षक गेंदालाल अहिरवार ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में फरियादी शिक्षक ने बताया कि उन्हें अपने एरियर के 60 हजार रुपये निकालने थे। वो जब एरियर निकालने के संबंध में क्लर्क गंधाली कदम से मिले तो उनसे इसके एवज में 3000 रुपये रिश्वत की मांग की गई। बाद में बातचीत 2500 रुपये देना तय हुई।
लोकायुक्त ने रंगेहाथों पकड़ा
लोकायुक्त टीम ने शिकायत की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर गुरुवार शाम को रिश्वत के 2500 रुपये देने के लिए फरियादी शिक्षक गेंदालाल अहिरवार को महिला क्लर्क के पास भेजा। महिला क्लर्क गंधाली कदम ने रिश्वत देने के लिए सांदीपनि विद्यालय परिसर में बुलाया, यहां पहले से लोकायुक्त की टीम सादे कपड़ों में मौजूद थी और जैसे ही महिला क्लर्क ने रिश्वत की रकम ली तो लोकायुक्त टीम ने उसे रंगेहाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त निरीक्षक रंजीत सिंह ने बताया कि क्लर्क को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।