मध्यप्रदेश

जबलपुर में मां त्रिपुरसुंदरी मंदिर के बाहर प्रसाद और पूजन सामग्री की दुकानों में लगी भीषण आग, 17 से ज्यादा दुकानें जलकर खाक, विजयादशमी के जाम में फंसी रही दमकल

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- जिले के तेवर स्थित मां त्रिपुरसुंदरी मंदिर के बाहर मंगलवार रात प्रसाद और पूजन सामग्री की दुकानों में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 10 बजे लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग आसपास की दुकानों तक फैल गई और 17 से ज्यादा दुकानें जलकर खाक हो गईं। आग की ऊंची लपटें देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस घटना में दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।

धुएं के बाद उठने लगीं आग की ऊंची लपटें

स्थानीय व्यवसायी देवराज पटेल के मुताबिक, रात के समय अचानक दुकानों से धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और आसपास की दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को सामान बचाने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

विजयादशमी के जाम में फंसी दमकल

घटना की सूचना मिलते ही दमकल वाहनों को रवाना किया गया, लेकिन विजयादशमी के अवसर पर सड़कों पर भीड़ और यातायात का दबाव होने के कारण दमकलकर्मियों को मौके तक पहुंचने में परेशानी हुई। आग बुझाने के दौरान भी उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस बीच आग की लपटें लगातार फैलती रहीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

दुकानदारों को भारी नुकसान की आशंका

आग की चपेट में आकर 17 से ज्यादा दुकानों के जलने से कारोबारियों को बड़ा नुकसान होने की आशंका है। दुकानों में रखा प्रसाद, पूजन सामग्री और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button