मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान में तहत कलेक्टर ने किया ढीमरखेड़ा विकासखंड क्षेत्र में संवाद और निरीक्षण उद्यमियों से सुनी समस्याएं, युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित; गौरा स्कूल में राधिका ने फर्राटे से सुनाया चार का पहाड़ा, कलेक्टर ने की सराहना

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी/ढीमरखेड़ा- मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को ढीमरखेड़ा क्षेत्र में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने उद्यमियों, युवाओं और विद्यार्थियों से संवाद करने के साथ विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत सभाकक्ष में आयोजित संवाद कार्यक्रम में स्थानीय उद्यमियों ने अपने अनुभव, समस्याएं और सुझाव साझा किए। कलेक्टर ने युवाओं को शासन की स्वरोजगार एवं उद्योग प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण भी वितरित किए गए।

नौकरी मांगने के साथ रोजगार देने का लक्ष्य रखें

कार्यक्रम में जबलपुर एमपीआईडीसी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री अनिल राठौर, पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा एवं वनमंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार ने उद्यमियों से संवाद कर उनके व्यवसाय, चुनौतियों और संभावनाओं की जानकारी ली। कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि युवाओं को नौकरी की तलाश के साथ रोजगार देने वाला बनने का लक्ष्य भी रखना चाहिए। उन्होंने युवाओं को अपनी प्रतिभा और हुनर को व्यवसाय में बदलने तथा शासकीय योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

स्व-सहायता समूह से मिली सरोज को नई पहचान

ग्राम मुड़वारी की महिला उद्यमी श्रीमती सरोज कुर्मी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें आर्थिक मजबूती के साथ आत्मविश्वास और नई पहचान मिली। मुद्रा योजना के तहत मिले एक लाख रुपये के ऋण से वे अपना व्यवसाय संचालित कर रही हैं। व्यवसाय में उनकी बेटियां भी सहयोग कर रही हैं।

आईटीआई विद्यार्थियों से कहा—कौशल को रोजगार में बदलें

कलेक्टर ने आईटीआई विद्यार्थियों से भी संवाद कर उनके करियर और स्वरोजगार संबंधी विचार जाने। विद्यार्थियों द्वारा स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की इच्छा जताने पर उन्होंने मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। उन्होंने कहा कि युवा बड़ा लक्ष्य निर्धारित करें और अपने कौशल का उपयोग स्वरोजगार स्थापित करने में करें।

गौरा स्कूल में बच्चों से आत्मीय संवाद

इसके बाद कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय गौरा का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई-लिखाई के संबंध में बातचीत की और विद्यालय की शैक्षणिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार सहित कई आवश्यक सुविधाएं विद्यालय प्रभारी एवं सहायक शिक्षक श्री महेन्द्र सिंह ठाकुर द्वारा स्वयं के व्यय से जुटाए जाने पर कलेक्टर ने उनकी पहल की सराहना की।

राधिका ने सुनाया चार का पहाड़ा, अधिकारी हुए प्रभावित

कक्षा 1 की छात्रा राधिका बागरी ने कलेक्टर के कहने पर बिना झिझक और पूरे आत्मविश्वास के साथ चार का पहाड़ा फर्राटे से सुना दिया। बच्ची की सहजता और आत्मविश्वास से कलेक्टर सहित जिला पंचायत सीईओ, पुलिस अधीक्षक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी प्रभावित हुए और उन्होंने राधिका की सराहना की।

कलेक्टर ने विद्यालय में बच्चों की सुविधा के लिए डेस्क-बेंच, डिजिटल बोर्ड, पुस्तकालय कक्ष और अतिरिक्त कक्ष जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक संसाधन मिलना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य केंद्र और निर्माण कार्यों का भी जायजा

विद्यालय के बाद कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र गौरा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं और आमजन को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद ग्राम पंचायत द्वारा कराए जा रहे सामुदायिक भवन, पंचायत भवन सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराने पर जोर दिया।

Related Articles

Back to top button