मध्यप्रदेश

14 नवंबर को जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह की तैयारियों का संभागायुक्त, आईजी और कलेक्टर सहित एसपी ने लिया जायजा

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 14 नवंबर को जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को संभागायुक्त धनंजय सिंह, पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा एवं कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त अग्रिम कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर बनाए जा रहे मुख्य मंच, पंडाल, दर्शकों की बैठक व्यवस्था, पार्किंग स्थल, आवागमन के रास्तों, पेयजल, साफ-सफाई और विद्युत व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके साथ ही अतिथियों के स्वागत, हितग्राहियों के सम्मान तथा सांस्कृतिक दलों के लिए ग्रीन रूम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों से बसों के संचालन, पार्किंग, आवागमन और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली गई। वहीं मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

संभागायुक्त, आईजी एवं कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह में आने वाले लोगों की सुविधा, सुरक्षा और बैठने की व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह गरिमापूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Related Articles

Back to top button