कटनी/उमरियापान- जिले में ग्रामीण विकास कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने सख्त रुख अपनाया है। उनके निर्देश पर जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायतों में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों का लगातार सघन मैदानी निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कृष्णकांत पांडेय ने ग्राम पंचायत उमरियापान एवं टोला पहुंचकर विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत उमरियापान में मैरिज हॉल से अटल ब्यौहार के घर की ओर 7.34 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सीसी रोड तथा राम सिंह के घर से अटल ब्यौहार के घर की ओर 4.56 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा अंधेली बाग स्टेडियम में दर्शकों एवं अन्य लोगों की बैठक व्यवस्था के लिए 20 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन कक्ष का भी अवलोकन किया गया।
जनपद सीईओ ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत उमरियापान कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न अभिलेखों एवं दस्तावेजों की जांच की। पंचायत के रिकॉर्ड व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत टोला में 37.50 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन नवीन अटल सेवा केंद्र का निरीक्षण किया गया। यहां निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पंचायत कार्यालय के अभिलेखों को भी व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने की हिदायत दी गई।
जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर जारी इन मैदानी निरीक्षणों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करना है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचे और गांवों में बुनियादी सुविधाओं एवं अधोसंरचना का बेहतर विकास हो सके।