Blogमध्यप्रदेश

रुपये नहीं देने पर युवक का अपहरण, 4 आरोपी गिरफ्तार, काले रंग की बिना नंबर की स्कॉर्पियो से वारदात को दिया अंजाम, अपहृत सकुशल दस्तयाब, 2 चाकू, 5 मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो जब्त

जनलोक टाईम्स रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर युवक का फिल्मी अंदाज में अपहरण करने वाले चार आरोपियों को जबलपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने सिविक सेंटर स्थित दवा मार्केट में एक दुकान के सामने से युवक को जबरन काले रंग की बिना नंबर की स्कॉर्पियो में बैठाकर अगवा कर लिया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मंडला जिले के टिकुरिया थाना क्षेत्र में दबिश देकर चारों आरोपियों को स्कॉर्पियो सहित पकड़ लिया और अपहृत युवक सिद्धार्थ नागदेव को सकुशल दस्तयाब कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, दो चाकू और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को थाना ओमती में सचिन नागदेव (25 वर्ष), निवासी गुजराती कॉलोनी बलदेवबाग, थाना कोतवाली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सिविक सेंटर दवा मार्केट में उसकी एस.एम. फार्मा नाम से दुकान है। घटना के दिन शाम करीब 4:30 बजे उसके बड़े पिताजी का बेटा सिद्धार्थ नागदेव उससे मिलने दुकान पर आया था। दोनों बातचीत कर रहे थे, तभी शाम करीब 5:30 बजे काले रंग की बिना नंबर की स्कॉर्पियो में सवार अविरल सिंह ठाकुर अपने तीन-चार साथियों के साथ वहां पहुंचा।

आरोपियों ने दुकान के सामने गाड़ी खड़ी की और उतरते ही सिद्धार्थ को गालियां देने लगे। इसके बाद सभी ने मिलकर उसे जबरन स्कॉर्पियो में बैठाया और अपहरण कर फरार हो गए। सचिन ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे तेज रफ्तार से वाहन लेकर भाग निकले।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय ने अपहृत युवक की शीघ्र दस्तयाबी और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ एवं नगर पुलिस अधीक्षक ओमती सोनू कुर्मी के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं।

ये चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें अविरल उर्फ स्वराज सिंह सेंगर (25), पिता संजीव सिंह सेंगर, निवासी सिविल लाइन; इमरान खान (24), पिता रोशन, निवासी बजरंग कॉलोनी, मैकेनिक जोन के पास; आकाश छिपेलकर (26), पिता भागचन्द्र, निवासी इंद्र मार्केट राम मंदिर के सामने तथा रिषभ पटेल (25), पिता तरुण पटेल, निवासी सिविल लाइन शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल काले रंग की स्कॉर्पियो, दो चाकू एवं पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। प्रकरण में धारा 119(1), 3(5) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट का इजाफा करते हुए चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका

अपहरण के आरोपियों की गिरफ्तारी एवं अपहृत युवक की दस्तयाबी में निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक श्रीराम सनोडिया, शिव गोपाल गुप्ता, मयंक यादव तथा आरक्षक अभिषेक सिंह, रामनरेश बघेल, संतोष उइके, पंकज शोले एवं सुनील पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button