मध्यप्रदेश

मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर पर महिला क्लर्क से छेड़छाड़ और अश्लील मैसेज भेजने का आरोप, FIR दर्ज…,एक साल से पीछा कर परेशान करने की शिकायत; महिला ने पुलिस को सौंपे चैट के स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग

जनलोक टाईम्स रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर – नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में पदस्थ एक डॉक्टर के खिलाफ महिला क्लर्क ने छेड़छाड़, पीछा करने और मोबाइल पर अश्लील संदेश भेजकर परेशान करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर लार्डगंज थाना पुलिस ने डॉक्टर अजय सिंह ठाकुर के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए टीम भी गठित की है।

ऑफिस से घर तक पीछा करने का आरोप

महिला क्लर्क ने अपनी शिकायत में बताया कि डॉक्टर करीब एक साल से उसे परेशान कर रहा था। आरोप है कि वह ऑफिस आने-जाने के दौरान उसका पीछा करता था और कई बार उसके केबिन में घंटों बैठा रहता था। मोबाइल चैट के जरिए प्यार का इजहार करने के साथ आपत्तिजनक संदेश भी भेजता था। महिला द्वारा कई बार विरोध किए जाने के बावजूद कथित रूप से उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। लगातार मानसिक रूप से परेशान होने के बाद महिला ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी।

मंगलवार रात महिला अपने परिवार के साथ लार्डगंज थाने पहुंची और डॉक्टर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के समर्थन में उसने पुलिस को मोबाइल चैट के स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई हैं।

महिला के भाई के खिलाफ भी दर्ज है मामला

इस प्रकरण में डॉक्टर की ओर से भी पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। बताया गया कि महिला के भाई ने डॉक्टर से इस मामले को लेकर बातचीत करने की कोशिश की थी, जिस दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। डॉक्टर ने रविवार को थाने पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया था। इस शिकायत पर पुलिस ने महिला के भाई के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद मंगलवार को महिला ने डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

डिजिटल साक्ष्यों की जांच, गिरफ्तारी के लिए टीम गठित

सीएसपी अखिलेश गौर के मुताबिक, महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्डिंग सहित उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

घटना के बाद मेडिकल कॉलेज में कार्यरत महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर उनके सम्मान को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button