2047 तक विकसित भारत का विराट संकल्प, 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को ‘जनविश्वास’ की यात्रा बताते हुए नितिन नवीन ने कहा- बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का सामर्थ्य रखता है भारत
जनलोक टाईम्स से प्रधान संपादक रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट
नई दिल्ली- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा नेता नितिन नवीन ने उनके राजनीतिक सफर को ‘जनविश्वास’ की यात्रा बताते हुए 2047 तक विकसित भारत के निर्माण को देश का विराट और सामूहिक संकल्प बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत निराशा से उम्मीद, उम्मीद से भरोसे और भरोसे से संकल्प की ओर बढ़ा है।
नितिन नवीन ने वर्ष 2012 में गुजरात के आणंद जिले में आयोजित सद्भावना मिशन के एक कार्यक्रम का संस्मरण साझा करते हुए बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे दिन आम लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुन रहे थे और अधिकारियों को समाधान के निर्देश दे रहे थे। जब उन्होंने इसके पीछे का कारण पूछा तो मोदी ने कहा था कि लोग केवल अपनी समस्याओं के समाधान के लिए नहीं आते, बल्कि उनका उनसे आत्मीय संबंध है और परिवार के सदस्य की तरह उनके साथ रहना महत्वपूर्ण है।
नवीन के अनुसार, उस प्रसंग से यह स्पष्ट होता है कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनता से सीधा संवाद और उनकी समस्याओं को अपनी जिम्मेदारी मानने की भावना महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को एक शब्द में व्यक्त करना हो तो वह ‘जनविश्वास’ होगा।
निराशा से आत्मविश्वास तक की यात्रा
नितिन नवीन ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई राजनीतिक यात्रा ने 25 वर्षों में राष्ट्रीय स्तर पर एक व्यापक स्वरूप ग्रहण किया। उनके अनुसार, यह यात्रा केवल शासन परिवर्तन की कहानी नहीं, बल्कि भारत के बढ़ते आत्मविश्वास की भी कहानी है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देश के सामने भारत को गुलामी से मुक्त कराने का स्पष्ट लक्ष्य था। उस साझा लक्ष्य ने समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में बांधा। स्वतंत्रता के बाद राष्ट्र निर्माण के अनेक कार्य हुए, लेकिन देश के सामने उतना स्पष्ट और साझा लक्ष्य कम ही दिखाई दिया। वर्ष 2010 के आसपास भ्रष्टाचार, सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पैदा हुई निराशा के बीच बदलाव की उम्मीद ने देश में नई राजनीतिक ऊर्जा पैदा की।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सामने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का बड़ा लक्ष्य रखा है। यह लक्ष्य अब केवल सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक आकांक्षा और संकल्प के रूप में सामने आया है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का अर्थ केवल आर्थिक विकास नहीं है। इसके केंद्र में गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा, आदिवासी और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में अवसरों का विस्तार भी शामिल है। उनके अनुसार, आज देश के सामने सवाल यह नहीं है कि भारत कुछ कर सकता है या नहीं, बल्कि यह है कि भारत और क्या कर सकता है।
सेवा से सुशासन तक…
नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के संगठनात्मक जीवन और स्वयंसेवक के रूप में मिले संस्कारों को उनके शासन की कार्यशैली से जोड़ते हुए कहा कि उनके लिए सार्वजनिक जीवन का अर्थ पद नहीं, दायित्व और राजनीति का अर्थ सत्ता नहीं, सेवा रहा है।
उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के समय भूकंप से तबाह कच्छ और भुज के पुनर्निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में पुनर्निर्माण की इच्छाशक्ति ने आगे चलकर विकास और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में नई पहचान बनाई।
नवीन ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए वित्तीय समावेशन, स्वच्छता, पोषण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा को जनभागीदारी से जोड़ने के प्रयासों को रेखांकित किया। उन्होंने डीबीटी के माध्यम से सरकारी योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों तक पहुंचने को पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं और जिन गांवों को कभी देश का अंतिम गांव माना जाता था, उन्हें अब ‘प्रथम गांव’ के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
अगली पीढ़ी के भारत का संकल्प
नितिन नवीन ने कहा कि 2047 का विकसित भारत केवल वर्तमान पीढ़ी की उपलब्धियों का लक्ष्य नहीं, बल्कि अगली पीढ़ी के भविष्य को मजबूत करने का संकल्प है। उनके अनुसार, राजनेता अक्सर अगले चुनाव को ध्यान में रखकर काम करता है, जबकि राष्ट्र निर्माण की दृष्टि अगली पीढ़ी को ध्यान में रखती है।
उन्होंने कहा कि 25 वर्ष पहले गुजरात में एक स्वयंसेवक के रूप में शासन की जिम्मेदारी संभालने से शुरू हुई यात्रा आज देश के सामने 2047 के विकसित भारत का विराट संकल्प प्रस्तुत कर रही है। यह संकल्प भारत के सामर्थ्य, सामूहिक शक्ति और आत्मविश्वास पर आधारित है।