प्रशासनमध्यप्रदेश

25 जून को शासकीय आईटीआई कटनी में “युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला” आयोजन हेतु कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने अधिकारियों को सौंपे दायित्‍व

जनलोक टाइम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- जिले के युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशानुसार आगामी गुरुवार, 25 जून को शासकीय आईटीआई कटनी में “युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला” का आयोजन किया जाएगा। मेले के सफल आयोजन हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर को कार्यक्रम का जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को मेला स्थल पर संपूर्ण कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला रोजगार अधिकारी को मेले की संपूर्ण व्यवस्थाओं का प्रभारी बनाया गया है। उनके दायित्वों में मेला स्थल पर टेंट, मंच, माइक, टेबल-कुर्सी की व्यवस्था, राज्य एवं स्थानीय स्तर की कंपनियों से संपर्क कर उन्हें आमंत्रित करना, सहमति प्राप्त करना, रिक्त पदों की जानकारी संकलित करना तथा उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करना शामिल है। साथ ही मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए बैनर, पोस्टर एवं पम्पलेट तैयार कराए जाएंगे तथा आईटीआई एवं एनआरएलएम को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

प्राचार्य, शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय को महाविद्यालयों में प्रचार-प्रसार कर विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक स्थानीय उद्योगों से संपर्क कर उनकी मांग एकत्रित कर जिला रोजगार अधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।

प्राचार्य, शासकीय आईटीआई कटनी को मेला स्थल पर कक्षों की व्यवस्था, कंपनी प्रतिनिधियों एवं आवेदकों के बैठने की सुविधा, साफ-सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ समन्वय का दायित्व दिया गया है। इसके अतिरिक्त बेरोजगार युवाओं की प्री-काउंसिलिंग तथा पंजीयन कार्य के लिए कम से कम 12 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को मेला स्थल पर आकस्मिक चिकित्सा कक्ष, डॉक्टर, एम्बुलेंस, ओआरएस एवं आवश्यक दवाइयों सहित स्वास्थ्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं नगर निगम कटनी को स्थल की साफ-सफाई, चूना लाइन, पेयजल, स्वचलित शौचालय, कूड़ादान तथा अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी।

विद्युत व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी एमपीईवी के कार्यपालन यंत्री को सौंपी गई है। इसके साथ ही तिलक महाविद्यालय के प्राचार्य को जिले के सभी शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों को पत्र भेजकर प्रचार-प्रसार एवं छात्र सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा ग्रामीण आजीविका मिशन को भी व्यापक प्रचार-प्रसार एवं बेरोजगार युवाओं की प्री-काउंसिलिंग की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अतिरिक्त पशु चिकित्सा, आदिम जाति कल्याण, मत्स्य, श्रम, उद्यानिकी, कृषि, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों को स्वरोजगार योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसरों की भी जानकारी मिल सके।

Related Articles

Back to top button