मध्यप्रदेश

दिवाली की रात बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व सीमा से लगे धौरखोह के जंगल में मिला अज्ञात युवक का शव, रस्सी से बंधे थे दोनों हाथ, मृतक की शिनाख्त में जुटी पुलिस

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

उमरिया/चंदिया- जिले के चंदिया थाना क्षेत्र में रविवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब धौरखोह के जंगल में एक युवक का शव पेड़ से बंधा हुआ मिला। युवक के दोनों हाथ पीछे की ओर रस्सी से पेड़ से बंधे हुए थे। संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस

जानकारी के अनुसार, रविवार रात चंदिया थाना पुलिस को सूचना मिली कि धौरखोह के जंगल में एक युवक का शव पेड़ से बंधा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर युवक का शव पेड़ से बंधा मिला और उसके दोनों हाथ पीछे की तरफ रस्सी से बांधे गए थे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीओपी पीएस परस्ते भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की सीमा से लगा है जंगल

बताया जा रहा है कि जिस जंगल में युवक का शव मिला है, वह बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की सीमा से लगा हुआ है। युवक के हाथ रस्सी से बंधे मिलने सहित घटनास्थल की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं। युवक को किसने और किन परिस्थितियों में पेड़ से बांधा, उसकी मौत कैसे हुई और शव जंगल में कब से पड़ा था, पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है। पहचान होने के बाद ही उसके परिजनों, पृष्ठभूमि और घटनाक्रम से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकेंगे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button