Blog

दीपावली की रात कटनी के बरही में भीषण अग्निकांड: जिंदा जलकर एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, मां की गोद में लिपटा मिला दो माह का मासूम, दो सदस्य किसी तरह बचकर निकले; दमकल की देरी और खराब व्यवस्था पर उठे सवाल

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी/बरही- दीपावली की खुशियों के बीच कटनी जिले के बरही नगर में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बरही के वार्ड क्रमांक 11 में दीपावली की रात एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 77 वर्षीय बुजुर्ग से लेकर महज दो माह का मासूम बच्चा तक शामिल है। हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया और घटना के बाद से बरही नगर में शोक और मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला मकान के निचले हिस्से में किराना दुकान संचालित थी, जबकि ऊपर की दो मंजिलों में परिवार रहता था। दीपावली की रात करीब 12 बजे अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के अधिकांश सदस्यों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

बताया गया कि परिवार के दो सदस्य रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह जान बचाकर घर से बाहर निकलने में सफल रहे। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीमें भी मौके पर पहुंचीं।

कई घंटे चला रेस्क्यू, दीवार तोड़कर निकाले गए शव

आग की भयावहता और मकान की स्थिति के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई घंटों की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से मकान की दीवार तोड़कर रेस्क्यू टीम अंदर पहुंच सकी। मकान के भीतर परिवार के छह सदस्यों के शव मिलने से घटनास्थल पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। सबसे मार्मिक दृश्य उस समय सामने आया, जब दो माह के मासूम का शव उसकी मां के शव से लिपटा हुआ मिला।

मृतकों में दो बच्चियां और दो माह का मासूम शामिल

इस भीषण अग्निकांड में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी 74 वर्षीय पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम, 14 वर्षीय नातिन आर्या, 6 वर्षीय अन्वी और दो माह के मासूम की मौत हो गई। परिवार के दो सदस्य रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी इस हादसे में सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।

दमकल व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

इस दर्दनाक हादसे के बाद नगर परिषद बरही की दमकल व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि नगर परिषद का दमकल वाहन घटना की सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा। इतना ही नहीं, दमकल वाहन का पाइप भी फटा हुआ बताया जा रहा है, जिसके कारण आग बुझाने के प्रयासों में परेशानी हुई। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी हैं।

दीपावली की रात जिस घर में खुशियों के दीप जलने थे, वहां आग ने ऐसा कहर बरपाया कि एक पूरा परिवार खत्म हो गया। बरही की इस त्रासदी ने हर आंख नम कर दी है।

Related Articles

Back to top button