मध्यप्रदेश

गौवंश संरक्षण पर विशेष ध्यान दें, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर हो सख्त कार्रवाई : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

जनलोक टाइम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- मुख्यमंत्री डॅा. मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में गौवंश संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा इस संबंध में बनाए गए नियमों और कानूनों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि गौवंश की सुरक्षा, संवर्धन और उचित देखभाल के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट कहा कि गौवंश संरक्षण से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने गौशालाओं के बेहतर संचालन, गौवंश के लिए पर्याप्त चारा, पानी और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि निराश्रित एवं बेसहारा गौवंश के संरक्षण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे सड़कों पर विचरण करने वाले पशुओं की संख्या कम हो और दुर्घटनाओं पर भी नियंत्रण लगाया जा सके। उन्होंने गौशालाओं के नियमित निरीक्षण तथा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने पर जोर दिया।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गौवंश भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिला प्रशासनों को गौसंरक्षण से संबंधित योजनाओं और व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button