कटनी- कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई एक बार फिर आमजन की उम्मीदों का मंच बनी, जहां जिले के दूरस्थ गांवों और कस्बों से पहुंचे 175 आवेदकों ने अपनी समस्याएं कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के समक्ष रखीं। कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री तिवारी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर श्री जितेन्द्र पटेल, एसडीएम कटनी श्री प्रमोद चतुर्वेदी, जिला प्रबंधक लोक सेवा श्री दिनेश विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
पुनः सीमांकन के निर्देश
ग्राम टेढ़ी निवासी श्रीमती जानकी बाई ने कलेक्टर को बताया कि उनके खेत का पूर्व में हल्का पटवारी एवं आरआई द्वारा गलत सीमांकन कर दिया गया था। पुनः सीमांकन के लिए लोक सेवा केंद्र में आवेदन देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तहसीलदार कटनी ग्रामीण को निर्धारित समयावधि में प्रकरण का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भूमि रिकॉर्ड सुधारें
ग्राम गोहावल निवासी अर्जुन कोल ने भूमि अभिलेख में सुधार के लिए आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम विजयराघवगढ़ को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर आवेदक को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
खेत तक पहुंच के लिए रास्ते की मांग
ग्राम पौड़ी निवासी करन कुशवाहा ने बताया कि उनके पैतृक खेत के बीच मकान निर्मित है, लेकिन खेत तक पहुंचने के लिए कोई रास्ता उपलब्ध नहीं है, जिससे खेती कार्य प्रभावित हो रहा है। कलेक्टर श्री तिवारी ने नायब तहसीलदार बिलहरी को मौके का परीक्षण कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
छात्रवृत्ति का पात्रता परीक्षण कर दिलायें लाभ
जनसुनवाई में पहुंची छात्रा रिया ने बताया कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक नियमित अध्ययन करने के बावजूद उन्हें पिछले तीन वर्षों से छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल पाया है। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच कर पात्रतानुसार शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।