उमरियापान- आगामी मोहर्रम जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से एसडीओपी स्लीमनाबाद ने उमरियापान थाना क्षेत्र के कस्बे में जुलूस मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जुलूस के निर्धारित रूट का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसडीओपी ने थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारियों के साथ संवेदनशील स्थलों का अवलोकन किया तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जुलूस मार्ग में यातायात व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती एवं अन्य सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली।
एसडीओपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता बरती जाए तथा आमजन की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्थानीय नागरिकों एवं ताजिया समितियों से भी सहयोग बनाए रखने की अपील की।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं तथा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।