जिला पंचायत सीईओ के सख्त निर्देश पर योजनाओं की जमीनी पड़ताल शुरू, जिला पंचायत के योजना प्रभारी पहुंचे गांव-गांव, प्लांटेशन, आवास और विकास कार्यों की परखी हकीकत
कटनी- पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनी रहे, इसे सुनिश्चित करने के लिए जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर जिला पंचायत के योजना प्रभारी अधिकारियों द्वारा लगातार ग्राम पंचायतों का मैदानी निरीक्षण किया जा रहा है।
बुधवार को व्हीबी-जी राम जी योजना के परियोजना अधिकारी ऋषि राज चढ़ार ने जनपद पंचायत कटनी अंतर्गत ग्राम पंचायत सरसवाही, मड़ई और जुहला का भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने ‘मां की बगिया’ के अंतर्गत किए गए पौधरोपण, खेत तालाब एवं सामुदायिक भवन निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उद्यान विभाग के परामर्श से आवश्यक कीटनाशकों का छिड़काव कराने के लिए पंचायत अमले को निर्देशित किया गया, ताकि पौधों का संरक्षण बेहतर ढंग से हो सके।
वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभारी मृगेंद्र सिंह ने जनपद पंचायत रीठी की ग्राम पंचायत कैमोरी, खमरिया-दो और बिलहरी पहुंचकर निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर आवास निर्माण में आ रही समस्याओं की जानकारी ली तथा जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूर्ण करने की समझाइश दी।
निरीक्षण के दौरान श्री मृगेंद् सिंह ने अन्य निर्माणाधीन विकास कार्यों एवं मध्याह्न भोजन योजना के संचालन का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिव, ग्राम रोजगार सहायक एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि योजनाओं की सतत निगरानी आगे भी जारी रहेगी, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जा सके।